रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 नशीली टेबलेट के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 नशीली टेबलेट के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत थाना मौदहापारा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाई “नाईट्रोसन-10” की 90 टेबलेट और नकदी रकम बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेश बेहरा बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नाईट्रोजेपम टेबलेट आईपी “नाईट्रोसन-10” की कुल 9 स्ट्रिप, यानी 90 नग नशीली टेबलेट बरामद हुई। बरामद टेबलेट का कुल वजन करीब 50.4 ग्राम और कीमत लगभग 720 रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 4,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

मामले की विवेचना और पूछताछ के दौरान विकास उर्फ विक्की साहू की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत धारा 22(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षीय योगेश बेहरा, निवासी मौदहापारा और 28 वर्षीय विकास उर्फ विक्की साहू, निवासी कोटा क्षेत्र शामिल हैं।

रायपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे और मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 या नजदीकी पुलिस थाने में साझा करें, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Uncategorized