रायपुर। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में प्रिंट मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन (PMJA) के तत्वावधान में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े 36 पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज भारतीय, प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार साहू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघु मालवीय, राष्ट्रीय प्रवक्ता ओमप्रकाश शर्मा तथा राष्ट्रीय सचिव कांशी राम रैकवार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में परवेज भारतीय ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता का 200 वर्षों का इतिहास संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके मनोबल को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। वहीं अरुण कुमार साहू ने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी निडर और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति संगठन की ओर से सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों एवं प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारत न्यूज 24 के माध्यम से भी किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।

