छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत-ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को इस नई व्यवस्था को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।
नई प्रणाली के तहत राज्य की सभी पीएमजीएसवाई सड़कों का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जो सड़कों पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर रिपोर्ट तैयार करेगा। इससे सड़कों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन संभव होगा और निगरानी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि AI से प्राप्त डेटा के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देते हुए उनकी मरम्मत और रखरखाव की कार्ययोजना बनाई जाएगी। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम बनेगा।
सरकार ने इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करने का निर्णय लिया है। शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क का AI आधारित निरीक्षण शुरू किया जाएगा। शुरुआती परिणामों के विश्लेषण के बाद इस व्यवस्था को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि AI आधारित निगरानी से सड़कों की समय पर मरम्मत संभव होगी, उनकी आयु बढ़ेगी और ग्रामीण जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकेंगी।

