किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 4,691 गन्ना उत्पादकों को मिले शेयर प्रमाण पत्र

किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 4,691 गन्ना उत्पादकों को मिले शेयर प्रमाण पत्र

कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना से जुड़े 4,691 गन्ना उत्पादक किसानों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कृषक संगोष्ठी एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह में किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें कारखाना का अंशधारी सदस्य बनाया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अंशधारी सदस्यता से किसानों की सहकारिता में भागीदारी और मजबूत होगी तथा उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि ये वे किसान हैं जो वर्षों से कारखाना को गन्ना बेच रहे थे, लेकिन अंशधारी सदस्य नहीं थे। पिछले पेराई सत्र में भोरमदेव शक्कर कारखाना में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी, जिसमें इन किसानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

श्री शर्मा ने किसानों से अधिक गन्ना उत्पादन करने और फैक्ट्री को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि इस वर्ष साढ़े चार लाख मीट्रिक टन गन्ने की आपूर्ति का लक्ष्य पूरा होता है तो किसानों को बेहतर लाभ और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने गन्ना बोनस बढ़ाने के लिए भी सकारात्मक प्रयासों का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की सलाह देते हुए जैविक उत्पादों के निर्यात संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

Chhattisgarh