दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के विरोध में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया. भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन का घेराव करने निकले वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए जिससे दोनों दलों के समर्थक आमने – सामने आ गए.
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला.भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और दो बार आंसू गैस के गोले छोड़े गए.कई स्थानों पर लगाए गए बैरिकेड्स को प्रदर्शनकारियों ने हटाने और तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के घेराव की कोशिश कर राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देने और अराजक माहौल बनाने का प्रयास किया है. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं..
दूसरी ओर, भाजपा के विरोध प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस ने भी अलग से प्रदर्शन का ऐलान किया है. राजीव भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जुट गए हैं. दोनों दलों के आमने – सामने होने से राजधानी में राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है.
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू कर वैकल्पिक मार्गों की एडवाइजरी जारी की है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

