भारतीय मजदूर संघ का 71वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, काली हल्दी के 40 पौधे लगाए

भारतीय मजदूर संघ का 71वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, काली हल्दी के 40 पौधे लगाए

भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) रायपुर जिला इकाई द्वारा गुरुवार को चंगोराभाठा स्थित प्रदेश कार्यालय में संगठन का 71वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा और इतिहास को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग प्रमुख कोमल सिंह साहू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वनवासी ग्रामीण कृषि मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री जितेंद्र गुर्जर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्युत सेवानिवृत्त मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय महामंत्री अरुण देवांगन शामिल हुए। मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ के पूर्व महामंत्री नरोत्तम धृतलहरे ने संगठन की कार्यप्रणाली, रीति-नीति एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, भगवान विश्वकर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक परम श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं तिलक लगाकर सम्मान किया गया। इसके बाद कार्यालय परिसर में बीएमएस का ध्वजारोहण किया गया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि 23 जुलाई 1955 को भोपाल में स्थापित भारतीय मजदूर संघ आज देश ही नहीं बल्कि विश्व के सबसे बड़े श्रमिक संगठनों में शामिल है। संगठन अपनी गैर-राजनीतिक कार्यशैली, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है।

कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यालय परिसर में काली हल्दी के 40 औषधीय पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री परमेश्वर कन्नौजे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विभाग प्रमुख कोमल सिंह साहू ने किया।

इस अवसर पर मातृशक्ति सहित विभिन्न संगठनों के लगभग 50 प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

Chhattisgarh