1 मिनट की देरी या सिस्टम की बेरहमी? परीक्षा देने पहुंची छात्रा को गेट से लौटाया, विरोध पर थाने पहुंची

1 मिनट की देरी या सिस्टम की बेरहमी? परीक्षा देने पहुंची छात्रा को गेट से लौटाया, विरोध पर थाने पहुंची

जल संसाधन विभाग की भर्ती परीक्षा देने बलौदाबाजार जिले के सुहेला से रायपुर पहुंची छात्रा माधुरी सिन्हा ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रा का आरोप है कि वह भनपुरी स्थित परीक्षा केंद्र समय पर पहुंच गई थीं, लेकिन कपड़ों की बड़ी आस्तीन होने के कारण केंद्र प्रबंधन ने उन्हें बाहर जाकर आस्तीन कटवाने के लिए भेज दिया।

माधुरी का कहना है कि निर्देश का पालन कर वह तुरंत वापस लौटीं, लेकिन केंद्र प्रबंधन ने महज 1 मिनट की देरी का हवाला देते हुए परीक्षा कक्ष में प्रवेश देने से इनकार कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और अपनी बात रखने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें खमतराई थाने ले जाकर बैठा दिया।

घटना के बाद भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दूर-दराज़ से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि केंद्र प्रबंधन ने स्वयं बाहर भेजा था, तो मानवीय आधार पर छात्रा को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए था।

फिलहाल इस मामले में परीक्षा केंद्र प्रबंधन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। घटना को लेकर अभ्यर्थियों और परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है। यदि छात्रा के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह परीक्षा प्रबंधन की संवेदनशीलता और व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

Chhattisgarh