राजधानी रायपुर में 18 वर्षीय आदिवासी युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद खान एक बार फिर सुर्खियों में है। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 133/26 में पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को 29 जुलाई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी लगातार उसे परेशान और प्रताड़ित कर रहा था।
शिकायत के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खुद को भाजपा से जुड़ा नेता बता रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम पहले भी विवादों से जुड़ चुका है। वर्ष 2023 में उसकी पत्नी शबाना खान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए थे।
शिकायत में आरोप था कि विवाह के कई वर्षों बाद पति ने दूसरी महिला के साथ संबंध होने के कारण उसे घर से निकाल दिया और परिजनों के सामने तीन बार तलाक बोलकर संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके जेवर बेच दिए गए और उसके साथ मारपीट की गई।
उस समय महिला द्वारा टिकरापारा थाना, महिला थाना और एसपी कार्यालय में शिकायत दिए जाने की बात सामने आई थी। अब आदिवासी युवती से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपी का पुराना विवादित रिकॉर्ड फिर चर्चा में आ गया है।

फिलहाल देवेंद्र नगर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोपी के खिलाफ पहले आई शिकायतों पर समय रहते कठोर कार्रवाई होती, तो संभवतः नए आरोपों की नौबत नहीं आती।

