मुख्यमंत्री निवास में हरेली तिहार की धूम, छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की दिखेगी अनूठी झलक

मुख्यमंत्री निवास में हरेली तिहार की धूम, छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की दिखेगी अनूठी झलक

रायपुर। छत्तीसगढ़ का पहला और प्रमुख लोकपर्व हरेली तिहार 12 अगस्त को नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक उत्साह और छत्तीसगढ़ी रंग-रूप के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग और कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

हरेली पर्व कृषि संस्कृति, प्रकृति के प्रति आभार और ग्रामीण जीवन की सामूहिक खुशियों का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास को पारंपरिक ग्रामीण परिवेश की थीम पर सजाया जाएगा, जहां खेती-किसानी से जुड़े उपकरण, लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम में गेड़ी चढ़ने की परंपरा, पारंपरिक खेलों और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। किसान अपने कृषि औजारों की पूजा कर अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रदेश की लोक परंपराओं, कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन से जोड़ना भी है।

राज्य सरकार का मानना है कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, खेती और संस्कृति के बीच गहरे संबंधों का प्रतीक है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित यह उत्सव छत्तीसगढ़ की माटी, महतारी और किसान संस्कृति के गौरव को नई पहचान देगा।

Chhattisgarh