खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुनील कुमार भोई सम्मानित

खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सुनील कुमार भोई सम्मानित

महासमुंद। राष्ट्रीय मिनीगोल्फ खिलाड़ी एवं पिथौरा निवासी हेमंत खुटे को राष्ट्रीय मिनीगोल्फ प्रतियोगिता के सफल आयोजन तथा आयोजन संबंधी दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने पर सम्मानित किया गया। महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले अनेक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के युवा रत्न सम्मान हेतु चयनित सुश्री मृणाल विदानी, उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित सुश्री सोनिया बंदे एवं सुश्री दिव्या सिन्हा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षक के रूप में योगदान देने वाले नरेश चंद्राकर तथा राष्ट्रीय पैरा प्रतियोगिता में पदक विजेता तोरण यादव को भी सम्मानित किया गया।

खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग के व्यायाम शिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई को राज्य स्तर पर 24 स्वर्ण और 24 रजत पदक दिलाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भागीदारी करने वाले अनेक खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर उनके प्रयासों की सराहना की गई।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुरली सिंह राजपुरोहित, दीपशिखा साहू, राष्ट्रीय खिलाड़ी उत्कर्ष उपाध्याय, दीपांशु पटले तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी दिव्या रंगारी को भी सम्मानित किया गया। कराते के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ईशान साहू, तुषार डडसेना, निकुंज कुमार साहू और फामेश्वरी सिन्हा को भी सम्मान मिला।

कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, अंजलि बरमाल, हिना ढालेन तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Uncategorized