पाली रग्बी ग्राउंड में सुविधाओं की मांग, कोरबा रग्बी एसोसिएशन ने मंत्री केदार कश्यप को सौंपा ज्ञापन

पाली रग्बी ग्राउंड में सुविधाओं की मांग, कोरबा रग्बी एसोसिएशन ने मंत्री केदार कश्यप को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। पाली स्थित रग्बी ग्राउंड में खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन कोरबा ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपा है।

एसोसिएशन द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि पाली रग्बी ग्राउंड में प्रतिदिन 100 से अधिक खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पाली क्षेत्र लंबे समय से रग्बी खेल का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और यहां के खिलाड़ियों ने कई प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में मैदान में खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। मैदान के समतलीकरण, चेंजिंग रूम, महिला एवं पुरुष शौचालय, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) तथा दर्शकों के बैठने की सुविधा जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री केदार कश्यप से मांग की है कि पाली रग्बी ग्राउंड के विकास के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिल सके। उनका कहना है कि सुविधाओं के विकास से क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ का नाम खेल जगत में और अधिक रोशन होगा।

रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन कोरबा ने उम्मीद जताई है कि सरकार और खेल विभाग के सहयोग से पाली रग्बी ग्राउंड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Uncategorized