
रायपुर, 26 अगस्त 2026 : कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बस्तर अंचल से आए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की उन्नत प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद कर जनसंचार की बारीकियों को समझा।
पत्रकारिता एक सशक्त व नए समाज का निर्माण का माध्यम
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता ही एक सशक्त व नए समाज का निर्माण कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे मीडिया क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता को निखारें और समाचार पत्र, टीवी, रेडियो तथा डिजिटल मीडिया का नियमित तुलनात्मक अध्ययन करें।
छात्रों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो श्संवाद में अपने संदेश रिकॉर्ड किए
भ्रमण में विद्यार्थियों ने केटीयू के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और निर्माणाधीन एआई व मीडिया रिसर्च लैब का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में आए छात्रों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो ”संवाद 98.2 एफएम” में अपने संदेश भी रिकॉर्ड किए। इस दौरान छात्रों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन व जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों और शोधार्थियों से मुलाकात कर विश्वविद्यालय के सृजनात्मक क्लबों व शोध पीठों की कार्यप्रणाली को समझा।
विद्यार्थियों ने कहा अत्यंत ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायक अनुभव
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा और सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से मार्गदर्शन प्राप्त कर इसे एक अत्यंत ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायक अनुभव बताया।

