रायपुर। नवाखाई शोभायात्रा संचालन समिति द्वारा समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से इस वर्ष भव्य नवाखाई शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी त्रिलोचन सोना ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 6 सितंबर को आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा में विभिन्न समाजों के करीब 35 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित प्रदेश के सभी 33 जिलों से समाजजन भाग लेंगे। आयोजन पिछले 10 वर्षों से लगातार किया जा रहा है और हर वर्ष इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है।
समिति के अनुसार शोभायात्रा की शुरुआत न्यू राजेंद्र नगर स्थित कुलदेवी मंदिर से होगी। इस दौरान समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रसिद्ध लोकगायक सरवेश्वर भोई भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर के चारों विधायक, महापौर सहित समाज के जनप्रतिनिधि और पार्षदों के शामिल होने की संभावना है। समिति ने कहा कि नवाखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का माध्यम है।
पत्रकार वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से शोभायात्रा में शामिल होकर समाज की एकता और संस्कृति को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

