339 वोटों से चुन्नीलाल ध्रुव बने मंडी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष, कर्मचारियों के हितों को लेकर किया बड़ा ऐलान

339 वोटों से चुन्नीलाल ध्रुव बने मंडी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष, कर्मचारियों के हितों को लेकर किया बड़ा ऐलान

छत्तीसगढ़ राज्य मंडी बोर्ड एवं मंडी समिति सेवा संवर्ग कर्मचारी/अधिकारी महासंघ के चुनाव में चुन्नीलाल ध्रुव ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। 600 मतदाताओं वाले इस चुनाव में ध्रुव को 339 वोट मिले और उन्हें आगामी दो वर्षों के लिए महासंघ का प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव के बाद महासंघ के प्रतिनिधित्व को लेकर विवाद भी सामने आया है, जिस पर ध्रुव ने रायपुर प्रेस क्लब काउंसिल को पत्र लिखकर अभिलेखों के आधार पर निर्णय लेने की मांग की है।

महासंघ के अध्यक्ष पद के लिए 6 सितंबर 2026 को मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 600 मतदाताओं ने भाग लिया, जिसमें चुन्नीलाल ध्रुव को 339 मत प्राप्त हुए। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें महासंघ का वैध और निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
चुनाव के बाद चुन्नीलाल ध्रुव ने रायपुर प्रेस क्लब काउंसिल को पत्र भेजकर महासंघ के अधिकृत प्रतिनिधित्व और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के अधिकार को लेकर स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि महासंघ के नाम से किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा किए जाने वाले प्रतिनिधित्व का परीक्षण निर्वाचन अभिलेखों, संगठन के नियमों और अधिकृत दस्तावेजों के आधार पर किया जाना चाहिए।

नव निर्वाचित अध्यक्ष चुन्नीलाल ध्रुव ने कर्मचारियों के हितों को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से लंबित मंडी निरीक्षकों की परवेक्षा अवधि पूर्ण कराने, कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी समस्याओं के समाधान, वेतन विसंगतियों के निराकरण, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा सेवा संबंधी लंबित मामलों के निपटारे के लिए महासंघ सक्रिय पहल करेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और सेवा सुरक्षा के लिए संगठन मजबूती से कार्य करेगा। ध्रुव ने कहा कि महासंघ का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि मंडी कर्मचारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर कर्मचारी हितों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

Chhattisgarh