ओडिशा के देवगढ़ जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रियामाल थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक सिलु राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके शव को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगा है। घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिलु राय बुधवार देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान युवती के परिजनों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवक पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर के आंगन में रखकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में सात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने युवती समेत परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिलु और युवती के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, जिसके कारण परिवारों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक शादी करने की जिद पर अड़ा था और इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ा।
देवगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज चोपदार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत और शव जलाने की घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
सवाल यह है कि क्या प्रेम संबंध और जातीय विरोध की वजह से एक युवक की जान चली गई? जवाब अब पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट तय करेगी।

