खिलाड़ियों की डाइट पर विभाग सख्त

खिलाड़ियों की डाइट पर विभाग सख्त

बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी और भोजन प्रदायक फर्म को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही जांच के लिए दो अधिकारियों की समिति भी गठित की गई है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो के निर्देश पर बिलासपुर में पदस्थ विभागीय सहायक संचालक और संबंधित भोजन प्रदायक फर्म को नोटिस जारी किया गया है। दोनों से 24 घंटे के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।

विभाग ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संचालनालय स्तर से दो खेल अधिकारियों की जांच समिति गठित की है। समिति बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचकर भोजन व्यवस्था और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करेगी तथा अपनी रिपोर्ट संचालनालय को सौंपेगी।

संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने स्पष्ट कहा है कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी अधिकारियों और सेवा प्रदाताओं को खिलाड़ियों के हित में तय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Chhattisgarh