उड़ान योजना से छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई उड़ान, बढ़ेंगे हवाई संपर्क और विकास के अवसर

उड़ान योजना से छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई उड़ान, बढ़ेंगे हवाई संपर्क और विकास के अवसर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि केंद्र सरकार की मॉडिफाइड उड़ान (UDAN) योजना के नए चरण से छत्तीसगढ़ में हवाई संपर्क बेहतर होगा और विकास को नई गति मिलेगी। इस योजना के तहत भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के बीच नई दिल्ली में महत्वपूर्ण समझौता हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बड़े शहरों के साथ-साथ दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ना है। इससे नए हवाई मार्ग, हवाई पट्टियों का विकास और हेलीकॉप्टर सेवाओं का विस्तार संभव होगा।

उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से लोगों की यात्रा आसान होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और व्यापार, निवेश व रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, आपदा प्रबंधन और राहत कार्य भी अधिक प्रभावी हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ देश के बढ़ते विमानन नेटवर्क से और मजबूती से जुड़ेगा।

गौरतलब है कि मॉडिफाइड उड़ान योजना के तहत देशभर में 100 हवाई अड्डों और 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Chhattisgarh