देशभर में बैंक हड़ताल टली, आज से सभी बैंक सामान्य रूप से खुलेगे

देशभर में बैंक हड़ताल टली, आज से सभी बैंक सामान्य रूप से खुलेगे

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया।


यूएफबीयू ने अपने बयान में बताया कि बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विचार करने के लिए आईबीए एक हाई लेवल कमेटी गठित करने पर सहमत हो गया है। इसके बाद यूनियनों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।


बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में संशोधन को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियनों और अधिकारियों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए सरकार के समक्ष आवश्यक बदलावों का प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी है।


हड़ताल टलने से देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों, व्यापारियों और उद्योग जगत को बड़ी राहत मिली है। सोमवार से सभी सरकारी और निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा। कैश लेन-देन, चेक क्लियरेंस, जमा-निकासी और अन्य बैंकिंग सेवाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध रहेंगी।


बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में फाइव-डे वर्किंग (शनिवार-रविवार अवकाश) लागू करना और पीएलआई नियमों में सुधार शामिल हैं। अब इन मांगों पर नवगठित हाई लेवल कमेटी विस्तार से विचार करेगी।

National