चेन्नई में आज सुबह 10 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत प्रदर्शन, SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की मांग
तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के कांग्रेस के साथ आने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 15 अक्टूबर को चेन्नई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में TVK, कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य घटक दलों के साथ शामिल होगी। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताएं और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग है।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अनुसार, ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत यह प्रदर्शन सुबह 10 बजे चेन्नई के एगमोर स्थित लैंग्स गार्डन रोड के रामाडा सर्किल पर आयोजित किया जाएगा। इसकी अगुवाई कांग्रेस सांसद बी. माणिकम टैगोर करेंगे। प्रदर्शन में विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
INDIA गठबंधन में शामिल होने के बाद TVK की पहली भागीदारी
TVK का यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी ने 3 अक्टूबर 2026 को INDIA गठबंधन में शामिल होने का फैसला किया था। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन में पार्टी की भागीदारी को विपक्षी राजनीति के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
कांग्रेस सांसद बी. माणिकम टैगोर ने विजय की पार्टी के गठबंधन से जुड़ने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया था। उनका कहना था कि TVK के शामिल होने से विपक्षी गठबंधन को मजबूती मिलेगी और भाजपा के खिलाफ उसकी राजनीतिक लड़ाई को बल मिलेगा।
कांग्रेस और DMK के बीच बढ़ी दूरी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के रिश्तों में बढ़ती तल्खी भी चर्चा में है। DMK ने 12 अक्टूबर को INDIA गठबंधन से अलग होने की घोषणा की थी। पार्टी ने कांग्रेस पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने और उसके नेताओं पर DMK के खिलाफ लगातार बयान देने के आरोप लगाए थे।
DMK ने कांग्रेस नेताओं बी. माणिकम टैगोर, गिरीश चोडनकर और प्रवीण चक्रवर्ती की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई थी। पार्टी का आरोप था कि कांग्रेस के कुछ नेता गठबंधन में रहते हुए उसके खिलाफ काम कर रहे थे। DMK ने SIR के मुद्दे और कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को अपने चुनावी नुकसान से जुड़े कारणों में भी शामिल किया। इसी विवाद के चलते DMK ने कांग्रेस के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन से दूरी बनाई है।
राहुल गांधी और विजय की मुलाकात से बढ़ी चर्चा
TVK के INDIA गठबंधन में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विजय की 10 अक्टूबर को मुलाकात हुई थी। दोनों को विजय के आवास से साथ निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद दोनों ने पलावक्कम में साथ बैठकर कॉफी भी पी थी। इस मुलाकात के बाद तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस और विजय की पार्टी के बीच बढ़ते तालमेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
चेन्नई में होने वाला आज का प्रदर्शन इस राजनीतिक समीकरण की अगली कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, प्रदर्शन का केंद्र SIR में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग है, जबकि कांग्रेस और DMK के बीच जारी विवाद ने इसे तमिलनाडु की राजनीति में और भी चर्चित बना दिया है।

