रायपुर में 21-22 नवंबर को होगी छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग, राहुल बोस होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर में 21-22 नवंबर को होगी छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग, राहुल बोस होंगे मुख्य अतिथि

महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच, अंडर-15 और सीनियर वर्ग में होगी स्पर्धा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और रग्बी की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 21 एवं 22 नवंबर को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम, कोटा में होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष एवं फिल्म अभिनेता राहुल बोस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एसोसिएशन के आमंत्रण पर राहुल बोस ने अपनी उपस्थिति के लिए सहमति प्रदान की है।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिला एवं बालिका खिलाड़ी अंडर-15 और सीनियर वर्ग में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव के साथ अपनी प्रतिभा निखारने और आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्थान बनाने का अवसर मिलेगा।

आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की बेटियों एवं महिलाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना और रग्बी के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अस्मिता रग्बी स्टेट लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के साथ नेतृत्व, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।

छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. अयाज अहमद खान ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। राहुल बोस की उपस्थिति प्रदेश की महिला एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी होगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रग्बी के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचें।

एसोसिएशन को उम्मीद है कि यह आयोजन प्रदेश में महिला रग्बी को नई पहचान देने के साथ ही बेटियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को रग्बी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Uncategorized