भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’ के तत्वावधान में 1000 से अधिक पत्रकारों की गरिमामय सहभागिता राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव 2026 बना मील का पत्थर

खरगोन।
पत्रकारिता के सम्मान, जनहित के मूल्यों और संगठित एकता के विराट संकल्प के साथ भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’ के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव–2026 ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के पत्रकार जगत में नई चेतना, आत्मविश्वास और इतिहास रच दिया।
अभ्युदय यूनिवर्सिटी कैंपस, खरगोन में आयोजित इस भव्य आयोजन में देशभर से 1000 से अधिक पत्रकारों की ऐतिहासिक उपस्थिति रही। यह आयोजन पत्रकारिता को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि लोकतंत्र का प्रहरी, राष्ट्र निर्माण का आधार और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम मानने वाली विचारधारा का जीवंत प्रमाण बना।
दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों ने माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर पत्रकारिता को सत्य, ज्ञान और विवेक के मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
स्वागत उद्बोधन: एआईजे का 12 वर्षों का स्वर्णिम सफर
भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विक्रम सेन ने स्वागत भाषण में कहा कि संगठन पिछले 12 वर्षों से निरंतर पत्रकार हितों के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि —
यह एआईजे का 555वां वृहद आयोजन है।
संगठन देश के 575 से अधिक जिलों में सक्रिय है।
पत्रकारों के स्वास्थ्य व सुरक्षा हेतु 27 से अधिक प्रमुख चिकित्सा संस्थानों से एमओयू किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “एक साधारण व्हाट्सएप आमंत्रण पर 1000 से अधिक पत्रकारों की उपस्थिति एआईजे पर पत्रकार समाज के अटूट विश्वास को दर्शाती है।”
प्रमुख वक्ता का संबोधन: संघर्ष से सफलता तक
खोजी पत्रकार श्री पुष्पेंद्र वैद्य ने एआईजे के संघर्षपूर्ण और गौरवशाली सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा,
“एआईजे ने उस दौर में पत्रकारों के लिए आवाज़ उठाई जब वे असंगठित और असुरक्षित थे। आज यह संगठन सम्मान, सुरक्षा और सेवा का सबसे बड़ा मंच बन चुका है।”
संरक्षक का वक्तव्य: एआईजे देश का सबसे बड़ा हितैषी संगठन
समूह संपादक, नवभारत श्री क्रांति चतुर्वेदी ने कहा कि —
“एआईजे केवल बातें नहीं करता, बल्कि ज़मीनी स्तर पर काम करता है। यह आज देश का सबसे बड़ा पत्रकार हितैषी संगठन बन चुका है।”
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
गौरव अतिथि विधायक श्री हीरालाल अलावा ने पत्रकारों को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए उनके हितों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
विशिष्ट अतिथि विधायक श्री केदार डावर ने कहा कि उन्होंने अपने 40 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों को एक मंच पर देखा।
उद्घाटन कर्ता विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने इसे खरगोन के इतिहास का अविस्मरणीय आयोजन बताया।
वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन
वरिष्ठ संपादक श्री हेमंत पाल और वरिष्ठ पत्रकार श्री तेजकुमार सेन ने पत्रकारिता के सुव्यवस्थित विकास और संगठित एकता की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि का संबोधन
डिजियाना न्यूज चैनल के एडिटर-इन-चीफ श्री प्रतीक श्रीवास्तव ने पत्रकारों की कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता की सराहना करते हुए कहा,
“आज पत्रकार अनेक दबावों और चुनौतियों के बीच काम कर रहे हैं, इसके बावजूद उनका राष्ट्रीय कर्तव्यबोध प्रशंसनीय है।”
आध्यात्मिक सान्निध्य
त्रिकालदर्शी श्री रामलला सरकार, अयोध्या ने पत्रकारों को राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा,“पत्रकार अपने समय का दान राष्ट्र के लिए करते हैं — यह सर्वोच्च सेवा है।”
घोषणाओं की सौगात
इस अवसर पर अभ्युदय यूनिवर्सिटी, संकुश हॉस्पिटल रतलाम, रक्षा हॉस्पिटल खरगोन, एसएमएस हॉस्पिटल अहमदाबाद, पारुल यूनिवर्सिटी गोवा सहित अनेक संस्थानों ने पत्रकारों के लिए चिकित्सा, शिक्षा और कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

