जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर सेना के वॉर म्यूजियम के पास मंगलवार को यात्रियों से भरी निजी बस में आग लग गई. इस हृदय विदारक हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 15 घायलों का जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना में हुई मौतों की पुष्टि करते हुए पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि 19 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल की जोधपुर में मौत हुई है. उन्होंने बताया कि शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी.
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक महंत प्रतापपुरी ने बस हादसे को दुखद और हृदय विदारक घटना बताया. उन्होंने कहा कि इस हादसे से पूरा देश और प्रदेश व्यथित है. उन्होंने बताया कि इस घटना में 19 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक घायल को जोधपुर रैफर किया गया था, उसकी भी मौत हो गई है. इस प्रकार इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हुई है. इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री भी भावुक थे.
उन्होंने बताया कि अब शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी. विधायक ने कहा कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लगी है. हादसे में घायल हुए लोगों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर ले जाया गया. घायलों का इलाज जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है.
यह है घटनाक्रमः निजी बस जैसलमेर से दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. ज्यादातर सवारी जोधपुर जा रही थी. करीब 20 किलोमीटर दूर रास्ते में थईयात गांव के पास स्थित सेना के वॉर म्यूजियम से आगे अचानक बस के पिछले हिस्से में धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना पर जिला प्रशासन, पुलिस के साथ-साथ आर्मी की टीमें भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.
