नई दिल्ली — जस्टिस विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की नई बेंच गुरुवार को देशभर में चर्चा का केंद्र बने आवारा कुत्तों के मामले की सुनवाई करेगी। इस बेंच में जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया भी शामिल होंगे।
इससे पहले यह मामला जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच के पास था। उनकी बेंच ने 11 अगस्त को आदेश दिया था कि दिल्ली, नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, गुरुग्राम और फ़रीदाबाद की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से सभी आवारा कुत्तों को हटाकर डॉग शेल्टर में रखा जाए। साथ ही, उन्हें वापस छोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश भी दिया गया था।
बेंच ने इस कार्य को “सर्वोच्च प्राथमिकता” के साथ और बिना किसी समझौते के पूरा करने को कहा था। सोमवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस पारदीवाला की बेंच ने चेतावनी दी थी कि अगर कोई व्यक्ति या संगठन इस प्रक्रिया में बाधा डालेगा, तो उसके खिलाफ अवमानना सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश के बाद पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिसमें आदेश को “अमानवीय” बताते हुए वापस लेने की मांग की गई। अब नई बेंच से उम्मीद की जा रही है कि वह इस मामले में अगला रास्ता तय करेगी।

