बस्तर में बदले हालात की नई मिसाल: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘पंडुम कैफ़े’ का किया शुभारंभ

बस्तर में बदले हालात की नई मिसाल: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘पंडुम कैफ़े’ का किया शुभारंभ

बस्तर में नक्सल उन्मूलन और सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जगदलपुर स्थित पुलिस लाइन परिसर में ‘पंडुम कैफ़े’ का शुभारंभ किया। यह कैफ़े नक्सल हिंसा के पीड़ितों तथा आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व माओवादी सदस्यों के पुनर्वास के उद्देश्य से शुरू की गई अनूठी पहल है, जो हिंसा से शांति की ओर लौटने वाले युवाओं को सम्मानजनक आजीविका का अवसर प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कैफ़े में कार्यरत फगनी, पुष्पा ठाकुर, बीरेंद्र ठाकुर, आशमती और प्रेमिला बघेल से बातचीत की और उनकी नई शुरुआत की सराहना की। उन्होंने कहा कि “पंडुम कैफ़े बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रेरक प्रतीक है। यह कैफ़े आशा, प्रगति और शांति का उज्ज्वल स्वरूप है।”

कैफ़े में कार्यरत युवाओं को जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से आतिथ्य सेवाओं, कैफ़े प्रबंधन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया गया है।

“बारूद की जगह कॉफी परोसना—यह जीवन का नया जन्म”

इस पहल से जुड़े कई युवाओं ने मुख्यमंत्री के सामने अपने अनुभव भावुक होकर साझा किए। एक पूर्व माओवादी सदस्य ने कहा कि,
“हमने अंधेरा देखा था, पर अब समाज की सेवा का अवसर मिला है। बारूद छोड़कर कॉफी परोसना हमें सम्मान और शांति दे रहा है। यह वास्तव में नया जन्म है।”

एक अन्य महिला कर्मचारी ने कहा कि अब वह अपनी मेहनत की कमाई से परिवार का भविष्य सुरक्षित कर पा रही हैं, जो पहले संभव नहीं था।

कैफ़े से जुड़े सदस्यों ने समुदाय और प्रशासन के सहयोग को अपनी पुनर्वापसी की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटना आसान नहीं था, लेकिन प्रशिक्षण और भरोसे ने उन्हें नई राह दी है।

हर कप में एक कहानी

‘पंडुम’ नाम बस्तर की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है। कैफ़े की टैगलाइन – “जहाँ हर कप एक कहानी कहता है” – संघर्ष से सहयोग तक की अनूठी यात्रा को दर्शाती है।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री किरण सिंह देव, विधायक श्री विनायक गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Chhattisgarh