बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक हैरान कर देने वाली और अनोखी घटना सामने आई है। जिले के मझौलिया प्रखंड स्थित मोहछी बनकटवा गांव में एक साल के बच्चे ने कथित रूप से कोबरा सांप को दांत से काट लिया, जिससे सांप की मौत हो गई। बच्चे की पहचान सुनील साह के बेटे गोविंद कुमार के रूप में हुई है, जो अब पूरी तरह स्वस्थ है।
परिजनों के अनुसार, घटना बीते गुरुवार की है जब गोविंद घर के पीछे खेल रहा था। उसी दौरान उसकी मां लकड़ी व्यवस्थित करने में लगी हुई थी। तभी एक जहरीला सांप—स्थानीय भाषा में जिसे ‘गेहुंवन’ कहा जाता है—वहां निकला। गोविंद ने खेल-खेल में उसे पकड़ लिया और दांत से काट डाला।
गोविंद की दादी मतिसरी देवी ने बताया, “सांप को काटने के कुछ देर बाद गोविंद बेहोश हो गया। हम उसे तुरंत मंझौलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे बेतिया स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसीएच) रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।”
घटना की पुष्टि करते हुए स्थानीय पत्रकार नेयाज़ अहमद ने कहा, “ऐसी घटना हमारे इलाके में पहली बार हुई है। सावन के महीने में सांप निकलना आम बात है, लेकिन एक साल के बच्चे द्वारा सांप को काट कर मार देना अभूतपूर्व है। बच्चा अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।”
गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना की चर्चा जोरों पर है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह मामला जितना चौंकाने वाला है, उतना ही दुर्लभ भी।

