पीएम समृद्धि योजना के नाम पर व्यवसायी से ₹73 लाख की ऑनलाइन ठगी

पीएम समृद्धि योजना के नाम पर व्यवसायी से ₹73 लाख की ऑनलाइन ठगी

बिलासपुर। शहर के सकरी इलाके में रहने वाले एक मेडिकल व्यवसायी से ठगों ने प्रधानमंत्री समृद्धि योजना के नाम पर 73 लाख रुपये हड़प लिए। 30 प्रतिशत छूट के साथ 70 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने रकम ऐंठी। पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे रचा गया ठगी का जाल
सकरी के नेचर सिटी निवासी 50 वर्षीय राजेश पांडेय को 12 फरवरी को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी जिग्नेश त्रिवेदी बताया और कहा कि पीएम समृद्धि योजना के तहत उन्हें 50 लाख का लोन मिल सकता है। व्यवसायी को लोन की ज़रूरत थी, इसलिए उन्होंने बातचीत आगे बढ़ाई।

ठग ने वाट्सएप पर आवश्यक दस्तावेज मांगे, जिन्हें पांडेय ने भेज दिया। दस्तावेज मिलने के बाद जालसाज ने बताया कि उन्हें 70 लाख रुपये का लोन मिल सकता है और योजना के तहत 30% छूट भी मिलेगी। इसके नाम पर उसने पहले प्रोसेसिंग चार्ज और फिर लोन इंश्योरेंस के नाम पर पैसे मांगे।

कुल ₹73 लाख उड़ाए
शुरुआत में 19,900 और फिर 35,700 रुपये ट्रांसफर करने के बाद अलग-अलग बहानों से व्यापारी से कुल ₹73 लाख ले लिए गए। जब लोन नहीं मिला, तो पांडेय ने रकम वापस मांगी। तब जालसाजों ने और पैसे जमा करने पर पूरी रकम लौटाने का झांसा दिया।

पुलिस जांच में जुटी
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने सकरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यवसायी द्वारा बताए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी योजना या लोन ऑफर पर ऑनलाइन दस्तावेज या पैसे भेजने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच-पड़ताल करें।

Chhattisgarh Crime