आगामी 5 अक्टूबर 2025 को दुर्ग में होने जा रहे “संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ” के प्रथम वार्षिक महासम्मेलन में शामिल होने के लिए संगठन के अध्यक्ष उज्जवल दीवान और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में अपनी उपस्थिति का आश्वासन भी दिया है।
यह महासम्मेलन विवेकानंद भवन, केंद्रीय जेल परिसर के पास दुर्ग में आयोजित होगा, जिसमें पूरे प्रदेश से लगभग 30 हजार पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल होंगे। इस सम्मेलन में पुलिस परिवार के साथ-साथ सशस्त्र बल, डीएसएफ, सहायक आरक्षक, नगर सेना और जेल विभाग के परिजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति होने की संभावना है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा गृहमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, साथ ही विपक्ष से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत सभी बड़े नेताओं, मंत्रियों, पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों को आमंत्रित किया जा रहा है।
संगठन अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने बताया कि वे स्वयं लगातार प्रदेशभर में जाकर आमंत्रण पत्र बांट रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, डीजीपी अरुण देव गौतम और एडीजी एसआरपी कल्लूरी सहित कई अधिकारियों को न्योता दिया है।
दीवान ने स्पष्ट किया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों का आपसी मिलन, एकजुटता और समाज में पुलिस के अच्छे कार्यों को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की मांग नहीं रखी जाएगी। यह केवल आपसी संवाद और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा का अवसर होगा।
मुख्यमंत्री से आमंत्रण के दौरान संगठन के संरक्षक पूर्व विधायक रामदयाल उइके, नवीन राव, आशीष अवस्थी, राजेश रजक और अभिषेक गुप्ता भी मौजूद थे।
यह सम्मेलन छत्तीसगढ़ में पहली बार होने जा रहा है, जिसमें पक्ष-विपक्ष के नेता, पुलिस विभाग के आला अधिकारी और पत्रकारों की मौजूदगी इसे ऐतिहासिक बनाएगी।

