छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक (विज्ञान/प्रयोगशाला) के कुल करीब 5,000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यापम को सौंप दी गई है।
सरकार के निर्देशानुसार इन पदों के लिए चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ होने की संभावना है। विस्तृत दिशा-निर्देश और पात्रता संबंधी जानकारी विज्ञापन जारी होने के बाद जारी की जाएगी।
स्कूलों में दूर होगी शिक्षकों की कमी राज्य के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या बनी हुई थी। इस भर्ती के माध्यम से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए कई श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं।
2023 भर्ती प्रक्रिया भी पूर्ण
विभाग ने जानकारी दी कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों के स्थान पर डीएड अर्हताधारी उम्मीदवारों को नियुक्ति का अवसर दिया गया।
सरकार का कहना है कि नई भर्ती से राज्य के स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधरेगा और शिक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। अब अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन जारी होने का इंतजार है।

