छत्तीसगढ़ ट्रेन हादसा: बिलासपुर में बड़ा रेल दुर्घटना, 11 की मौत, 20 यात्री घायल

छत्तीसगढ़ ट्रेन हादसा: बिलासपुर में बड़ा रेल दुर्घटना, 11 की मौत, 20 यात्री घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार शाम बड़ा रेल हादसा हुआ, जब कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही मेमू लोकल ट्रेन जयरामनगर और गतौरा के बीच खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद देर रात तक रेस्क्यू अभियान चला, जो सुबह चार बजे तक जारी रहा। सुबह छह बजे तक रेलवे ने डाउन, मिडिल और अप तीनों लाइनें बहाल कर दी हैं।

हादसे का कारण — रेड सिग्नल तोड़ने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेमू ट्रेन ने रेड सिग्नल तोड़ा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) स्तर पर कराई जाएगी।

घायलों का इलाज जारी

घायलों को बिलासपुर के सिम्स, रेलवे अस्पताल और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने घायलों और मृतकों की सूची जारी कर दी है। कई परिवार अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश में अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं।
जयरामनगर निवासी प्रमिला वस्त्रकार का अब तक पता नहीं चल सका है। परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी को जानकारी हो तो मोबाइल नंबर 9098180314 पर संपर्क करें।

हेल्पलाइन नंबर जारी

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
चांपा: 8085956528
रायगढ़: 9752485600
पेंड्रा रोड: 8294730162
कोरबा: 7869953330

मुआवजा और राहत कार्य

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से घटना की निगरानी की और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख रुपए, और सामान्य घायल यात्रियों को 1 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

नेताओं ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस हादसे की जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए और घायलों को 50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की है।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि सभी कारणों की गहन जांच के बाद रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
पूरा प्रदेश इस दर्दनाक हादसे से शोक में डूबा हुआ है।

Chhattisgarh