छत्तीसगढ़ का दम दिखेगा वर्ल्ड एक्सपो 2025 में, जापान-दक्षिण कोरिया दौरे पर जा रहे CM साय

छत्तीसगढ़ का दम दिखेगा वर्ल्ड एक्सपो 2025 में, जापान-दक्षिण कोरिया दौरे पर जा रहे CM साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और दक्षिण कोरिया के 10 दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वे जापान के ओसाका में 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर तक होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे।

इस एक्सपो में मुख्यमंत्री को विशेष आमंत्रण मिला है। आयोजन का मुख्य विषय है—“डिज़ाइनिंग फ्यूचर सोसाइटी फॉर अवर लाइव्स”, जबकि उप-विषय हैं—“सेविंग लाइव्स”, “एम्पावरिंग लाइव्स” और “कनेक्टिंग लाइव्स”। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भागीदारी से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और औद्योगिक प्रगति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही राज्य को एक निवेश-अनुकूल गंतव्य के रूप में स्थापित करने का भी मौका मिलेगा।

ओसाका एक्सपो को नवाचार और सतत विकास पर वैश्विक संवाद का प्रमुख मंच माना जाता है। इस बार इसमें 160 से अधिक देश और 9 अंतरराष्ट्रीय संगठन भाग ले रहे हैं। भारत का पैवेलियन “भारत मंडप” होगा, जिसमें योग, भरतनाट्यम, बॉलीवुड फिल्मों की स्क्रीनिंग और चंद्रयान ज़ोन जैसे आकर्षण होंगे।

मुख्यमंत्री साय के इस दौरे से छत्तीसगढ़ को वैश्विक स्तर पर नए निवेश, तकनीकी सहयोग और पर्यटन के क्षेत्र में बड़े अवसर मिलने की उम्मीद है।

Chhattisgarh