मुख्यमंत्री साय आज रन फॉर यूनिटी में होंगे शामिल, रायपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर कई कार्यक्रम

मुख्यमंत्री साय आज रन फॉर यूनिटी में होंगे शामिल, रायपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर कई कार्यक्रम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 8 बजे वे सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 8:10 बजे “रन फॉर यूनिटी” में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगे और दोपहर 12 बजे मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे तक वे मंत्रालय में राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक लेंगे।

रायपुर महाबंद का आह्वान
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा वीआईपी चौक में स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की घटना के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने आज 31 अक्टूबर को रायपुर बंद का आह्वान किया है। हालांकि, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद का समर्थन नहीं किया है। चैंबर ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार को सभी दुकानें खुली रहेंगी। वहीं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने कहा कि उन्हें किसी बंद की सूचना नहीं है, सभी स्कूल सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आज माना में
राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रायपुर के माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी में भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रदेशभर में एकता के कार्यक्रम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज पूरे प्रदेश में अनेक आयोजन किए जा रहे हैं। राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और संस्थानों में सुबह 10:30 बजे एकता शपथ ग्रहण समारोह होगा। साथ ही रन फॉर यूनिटी, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिता और एकता रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।

भाजपा का यूनिटी मार्च आज से शुरू
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा आज सुबह 7 बजे शास्त्री चौक से “एकता मार्च” (यूनिटी मार्च) का आयोजन कर रहा है। यह रैली स्व. लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण से प्रारंभ होकर शारदा चौक होते हुए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी चौक तक जाएगी। इस मार्च में भाजपा विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और नागरिक शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ना है।

आज रायपुर में होने वाले प्रमुख आयोजन

प्रेस कॉन्फ्रेंस: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़, स्थान – जोगी निवास, सिविल लाइन्स, समय – सुबह 11 बजे से

राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन: छत्तीसगढ़ समाज पार्टी का 26वां राज्योत्सव, स्थान – साहू भवन, टिकरापारा, समय – दोपहर 2 बजे से

संगीतमय भागवत कथा: स्थान – पटेल पारा वार्ड क्रमांक 3, कुम्हारी (दुर्ग), समय – दोपहर 1 से शाम 6 बजे तक, कथा वाचक – पं. लिखेश्वर महाराज तरपोंगी वाले, आयोजन – पटेल परिवार

Chhattisgarh