गोवा दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कई अहम मुद्दों पर बयान दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि गोवा में पिछले 25 वर्षों से आदि लोकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार सौभाग्य से गोवा सरकार ने छत्तीसगढ़ को इसके शुभारंभ समारोह में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि आज आदि लोकोत्सव का शुभारंभ हुआ है, जो तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें पूरे देश से जनजातीय समुदाय के लोग शामिल हो रहे हैं।
जैजैपुर के कांग्रेस विधायक की गिरफ्तारी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी क्षेत्र में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
जम्बूरी और अन्य आयोजनों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में कई बड़े और प्रतिष्ठित आयोजन हुए हैं। हाल ही में बालोद में रोवर-रेंजर का बड़ा आयोजन संपन्न हुआ है। ऐसे आयोजनों से प्रदेश का मान-सम्मान देश और विदेश दोनों स्तरों पर बढ़ रहा है।

