रायपुर। नवा रायपुर 28 से 30 नवंबर तक देश की सबसे प्रतिष्ठित 60वीं डीजी (पुलिस महानिदेशक) कांफ्रेंस की मेजबानी करेगा। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर के करीब 250 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (डीजी, एडीजी और आईजी स्तर) शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कार्यक्रम में मितव्ययिता (सादगी) अपनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत होटल या निजी भवनों की बजाय सभी व्यवस्थाएं केवल शासकीय भवनों में की जाएंगी। जिला और पुलिस प्रशासन ने इसके लिए नवा रायपुर और रायपुर के सरकारी परिसरों का चयन शुरू कर दिया है।
सुरक्षा और रणनीति पर होगा गहन मंथन
कांफ्रेंस में आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर क्राइम, सीमा प्रबंधन और आतंकवाद जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
राज्यों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग और नई तकनीकों के इस्तेमाल पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवाद के खिलाफ हालिया सफल अभियानों की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीतियों पर फैसला लिया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही 31 मार्च 2026 तक माओवाद उन्मूलन की समयसीमा तय कर चुके हैं। माना जा रहा है कि सम्मेलन में इस विषय पर विशेष सत्र रखा जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सीधे अधिकारियों से फीडबैक लेंगे।
आयोजन स्थल और अतिथियों के ठहराव की तैयारी
सम्मेलन का आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), नवा रायपुर में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रात्रि विश्राम की संभावित व्यवस्था नवा रायपुर के नवीन स्पीकर हाउस में की जा रही है। यह स्थान IIM और नए विधानसभा भवन के समीप है, जिससे आवागमन में सुविधा रहेगी।
अन्य अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था ऑफिसर्स मेस, सर्किट हाउस, कन्वेंशन सेंटर और पहुना अतिथि गृह में की जा रही है। सभी स्थलों को उच्चस्तरीय सुविधाओं और गरिमा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ में डीजी कांफ्रेंस का आयोजन हो रहा है, जिससे राज्य को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति निर्माण में अहम योगदान का अवसर मिलेगा।

