– ऑडिट से ठीक पहले रायपुर के आबकारी भवन में भी लग गई आग, लेकिन सरकार का दावा है कि दस्तावेज सुरक्षित हैं।
औऔौ राजधानी रायपुर के लाभांडी इलाके में स्थित आबकारी भवन में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित उस कक्ष में लगी, जहां छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का कार्यालय संचालित होता है। खास बात यह रही कि यह कक्ष ऑडिट से जुड़ा हुआ था, जिससे विपक्ष ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है और पुलिस तथा एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि आज सोमवार से विभाग का महत्वपूर्ण ऑडिट शुरू होना था, लेकिन उससे ठीक पहले आधी रात को लगी आग ने संदेह की स्थिति पैदा कर दी है। विपक्ष का आरोप है कि इस आग में ऑडिट से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
हालांकि, सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए प्रेस नोट जारी किया है।
सरकार के अनुसार, आग से केवल कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जले हैं, जबकि सभी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज लोहे की अलमारियों में सुरक्षित थीं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है।
प्रेस नोट में कहा गया है कि रात में ड्यूटी पर तैनात गार्ड को जलने की गंध आने पर उसने तत्काल अन्य स्टाफ को बुलाया और मौके पर मौजूद अग्निरोधक उपकरणों से आग पर काबू पा लिया गया।
बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और किसी भी आवश्यक दस्तावेज के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई।
फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है और पुलिस व एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

