– रायपुर और उसके ग्रामीण इलाकों में होली का त्योहार इस बार खूनी घटनाओं से दागदार हो गया। आंरग, खरोरा, विधानसभा और तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग विवादों में चार लोगों की हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिकतर मामलों में शराब और आपसी रंजिश ने हिंसा को हवा दी।
आरंग थाना क्षेत्र में नीरज लोधी अपने दोस्तों के साथ कलई चौक जा रहा था। रास्ते में परिचित युवकों ने रंग लगाने के नाम पर बाइक रोकी। मना करने पर विवाद बढ़ा और संजू निषाद सहित अन्य ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लोहे के चूड़े और चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नीरज की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बड़े भाई कमलेश और अखिलेश विश्वकर्मा ने चरित्र शंका को लेकर अपने छोटे भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा पर डंडे और मुक्कों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम माठ में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि हीराबाई पटेल और दो नाबालिगों ने मोहित धीवर पर हंसिया और चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दो अन्य युवक घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
वहीं तिल्दा-नेवरा में डांस को लेकर हुए झगड़े में गोलू उर्फ कछुवा ने लाला यादव पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली।
लगातार हुई इन घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। पुलिस सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई का दावा कर रही है।

