भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कल दूसरा वन डे, दोनों टीमों ने बहाया मैदान पर पसीना

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कल दूसरा वन डे, दोनों टीमों ने बहाया मैदान पर पसीना

रायपुर: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में कल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वन डे मैच खेल जाएगा. कल होने वाले डे नाइट मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. आज दोनों टीमों ने मैदान पर प्रैक्टिस की. दोनों टीमों के खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए फैंस पूरे दिन ग्राउंड के बाहर जमे रहे. कल होने वाले वन डे मैच को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. होटल से स्टेडियम आने वाले रास्ते में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. ग्राउंड के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती होगी. पार्किंग को लेकर भी बड़े इंतजाम किए गए हैं. कल होने वाले मैच से पहले ईटीवी भारत की टीम ने फैंस से बातचीत की.

कल होगा दूसरा डे नाइट वन डे
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में वनडे मैच को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. स्टेडियम के भीतर और बाहर सुरक्षा का व्यापक सिस्टम तैयार किया गया है. हर गेट पर कड़ी जांच व्यवस्था का इंतजाम होगा. किसी भी व्यक्ति को बिना जांच अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी. मंगलवार को आधुनिक उपकरण और डॉग स्क्वॉड की मदद से जवान मैदान के हर कोने की जांच करते नजर आए.

पार्किंग और एंट्री सिस्टम को लेकर विशेष प्लान
स्टेडियम के आसपास अलग-अलग ज़ोन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. कोशिश है कि बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों को बिना किसी परेशानी के सही जगह पर पार्क कराया जा सके. प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि मैच के दिन ट्रैफिक बाधित न हो, दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने में कोई दिक्कत न आए.

खाने पीने की जो भी चीजें मिले वो तय रेट पर मिलें इसकी भी व्यवस्था की गई है. दर्शकों की सुविधा के लिए खाने-पीने की चीज़ों के रेट पहले ही जारी कर दिए गए हैं. निर्धारित दरों से अधिक वसूली पर कार्रवाई की चेतावनी भी प्रशासन ने दी है. अच्छी बात यह है कि पीने के पानी की निशुल्क व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शकों को परेशानी न हो.

नशेड़ियों और उपद्रवियों पर पुलिस की पैनी नजर
मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी. नशे की हालत में स्टेडियम पहुंचने की कोशिश करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. यदि कोई दर्शक उपद्रव करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी. पुलिस ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा.

साउथ अफ्रीका टीम ने की प्रैक्टिस, फैंस का जोश हाई
कल होने वाले मैच से पहले साउथ अफ्रीका की टीम प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम पहुंची, जहां खिलाड़ियों को देखने के लिए काफी संख्या में उनके फैंस पहुंचे. अभ्यास समाप्त कर जब खिलाड़ी बस में बैठकर होटल के लिए रवाना हुए, तो स्टेडियम के बाहर खड़े प्रशंसकों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया.

टीम इंडिया की एक झलक पाने को दीवाने दिखे फैंस
भारतीय क्रिकेट टीम के अभ्यास के लिए पहुंचने की खबर जैसे ही सामने आई, सड़क किनारे फैंस की लंबी कतारें लग गईं. कई प्रशंसक खिलाड़ियों के नाम की तख्तियां लेकर खड़े नजर आए. उनका कहना था कि वे सिर्फ खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे हैं. फैंस ने न सिर्फ कल के मैच में भारत की जीत का दावा किया, बल्कि कुछ ने तो 2027 वर्ल्ड कप जीत का भी भरोसा जताया.

Chhattisgarh Sports