अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत, न्यूजीलैंड को मात देकर चैंपियन बन गया है.
इसके साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीसरी बार जीतने वाला पहला देश भी बन गया है.
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
भारत के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया. जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में महज 15 रन देकर चार विकेट लिए और टीम इंडिया को लगाकर दूसरी बार चैंपियन बनाया.
वहीं अक्षर पटेल ने भी तीन ओवर में 27 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
इससे पहले भारत ने संजू, किशन और अभिषेक की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
बुमराह-अक्षर ने गेंद से किया कमाल
256 रन के बड़े लक्ष्य का दबाव न्यूजीलैंड के ओपनर्स टिम साइफर्ट, फिन ऐलन पर पहली गेंद से ही नजर आने लगा. हालांकि पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने फिन ऐलन का कैच भी छोड़ा. अर्शदीप से पहले ओवर में न्यूजीलैंड ने महज चार रन स्कोर किए.
लेकिन दूसरे ओवर में ही टिम साइफर्ट ने अपने तेवर दिखाए. हार्दिक पंड्या ने दूसरे ओवर में 21 रन खर्च किए.
तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने फिन ऐलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर ही बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन वापस भेज दिया.
पावरप्ले में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 52 रन ही स्कोर किए. इस बीच टिम साइफर्ट क्रीज पर डटे रहे और 23 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की.
लेकिन 8वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को पवेलियन वापस भेजा. उन्होंने महज तीन रन की पारी खेली.
अगले ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को भी आउट कर दिया. न्यूजीलैंड ने महज 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए.
इसके बाद हालांकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ाया. लेकिन 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने इस पार्टनरशिप को भी ब्रेक कर दिया. अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल का विकेट लिया. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई.
16वें ओवर में बुरमाह ने तीसरी गेंद पर नीशन और चौथी गेंद पर हेनरी को आउट किया. बुमराह यहीं नहीं रुके और उन्होंने 18वें ओवर में सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया. सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली.
ईशान किशन और संजू सैमसन ने रनों की रफ्तार को धीमा नहीं होने दिया और 10 ओवर में टीम का स्कोर 127 रन तक पहुंच गया.
संजू सैमसन ने 33 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की. संजू सैमसन की ये लगातार तीसरी फिफ्टी है. संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल और सेमीफाइनल में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं.
14वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर तो संजू सैमसन ने रचिन रविंद्र के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक जड़ी.
वहीं ईशान किशन ने 23 गेंद पर फिफ्टी पूरी कर ली है. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 100 रन की पार्टनरशिप पूरी हुई. 15 ओवर में ही भारत का स्कोर 200 के पार हो गया था.
16वें ओवर में नीशम ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की वापसी करवाई. उन्होंने संजू, किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया.
संजू सैमसन ने 89 और किशन ने 54 रन की पारी खेली. वहीं कप्तान सूर्यकुमार पहली गेंद पर ही बिना खाता खोले आउट हो गए.
हार्दिक पंड्या भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो गए.
लेकिन आखिर ओवर में शिवम दुबे ने नीशम के खिलाफ 24 रन स्कोर किए और भारत के स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया. शिवम दुबे 8 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे.

