रायपुर (छत्तीसगढ़): भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच रायपुर में खेला जा रहा है. भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए है. भारत को ये मैच जीतने और सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने के लिए 209 बनाने होंगे.
न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की, जिससे पावर प्ले के खत्म होने तक उनका स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 64 रन हो गया था. कॉन्वे ने 13 गेंद में 24 तो सेफर्ट ने 9 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उसके बाद राचिन रविंद्र और कप्तान मिशेल सेंटनर ने शानदार पारी खेलकर अपनी टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया. राचिन ने 26 गेंद में 44 रन आर सेंटनर ने 27 गेंद में 47 रनों की तेज पारी खेली.
इसके अलावा पहले मैच में फिफ्टी जड़ने वाले फिलिप्स ने 13 गेंद में 19 रन बनाए और वनडे सीरीज के प्लेयर ऑफ दि सीरीज रहे डेरिल मिशेल 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए. वहीं भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह काफी ज्यादा महंगे साबित हुए, उन्होंने 4 ओवर में 53 रन खर्च किए. जबकि कुलदीप यादव 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे. इसके अलावा हार्दिक, राणा, वरुण और दुबे को एक-एक विकेट मिला.
प्लेइंग इलेवन में बदलाव
भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन ने में दो बड़े बदलाव किए हैं. जसप्रीत बुमराह की जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है जबकि पहले मैच में चोटिल हुए अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह दी है.
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती
वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव किए हैं. टिम रॉबिन्सन की जगह टिम सीफर्ट आए हैं, जबकि क्लार्क की जगह जैकरी फाउल्क्स और काइल जैमिसन की जगह मैट हेनरी को टीम में शामिल किया गया हैं.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: डेवोन कॉन्वे, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जैकरी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी.
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने सिर्फ एक टी20 मैच खेला है, जब उन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया को 20 रनों से हराया था. भारत ने नागपूर में खेले गए सीरीज के पहले मैच में 48 रनों से जीत दर्ज की थी. जिसमें अभिषेक शर्मा 84 और रिंकू सिंह ने 44 रनों की महत्वपुर्ण पारी खेली थी.

