गुंडरदेही में सनसनी: मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़, सिर गायब मिलने से दहशत

गुंडरदेही में सनसनी: मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़, सिर गायब मिलने से दहशत

– गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद-बी में तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की कब्र से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

– जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को प्रिया साहू (पिता– जितेंद्र साहू) का निधन हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम मार्ग के पास दफनाया था। रविवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दफन स्थल को अस्त-व्यस्त देखा। मौके पर कटा हुआ नींबू, मिट्टी के दीये, चावल, अगरबत्ती और मांस का टुकड़ा पड़ा मिला। इन वस्तुओं को देखकर ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत बच्ची के पिता ने चौकी प्रभारी को आवेदन सौंपकर कब्र की खुदाई कर जांच कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम की अनुमति ली गई।

दोपहर 2 बजे पुलिस, राजस्व अमले और ग्रामीणों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई शुरू की गई।

लगभग चार फीट खुदाई के बाद बच्ची का कंकाल दिखाई दिया। जब आगे सावधानीपूर्वक जांच की गई तो पाया गया कि कंकाल से सिर गायब है। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में भय और आक्रोश फैल गया।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पंचनामा तैयार कर बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तंत्र-मंत्र के नाम पर दहशत फैलाने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।

गांव में घटना के बाद से सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।

Chhattisgarh Crime