इसराइली विशेषज्ञों को चिंता, ‘ईरान के ख़िलाफ़ जंग में कहीं साथ न छोड़ दें ट्रंप’

इसराइली विशेषज्ञों को चिंता, ‘ईरान के ख़िलाफ़ जंग में कहीं साथ न छोड़ दें ट्रंप’

इसराइल के कुछ पत्रकारों और रक्षा विशेषज्ञों को चिंता है कि ईरान के ख़िलाफ़ चल रही जंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साथ छोड़ सकते हैं.

इनका मानना है कि इसराइल ने लंबी जंग की तैयारी की है, जबकि ट्रंप से इतने धैर्य की उम्मीद नहीं की जा सकती.

रक्षा विशेषज्ञ योआव लिमोर ने समाचार पत्र ‘इसराइल हायोम’ में चेतावनी दी है कि जल्द ही अमेरिका और इसराइल के बीच मतभेद सामने आ सकते हैं.

उनका कहना है, “इसराइल के पास कई दिन या हफ़्तों तक, शायद और भी लंबे समय तक युद्ध जारी रखने की तैयारी है. लेकिन यह साफ़ नहीं है कि ट्रंप के पास उतना धैर्य और ठंडा दिमाग है या नहीं.”

वरिष्ठ पत्रकार नहूम बारनेआ ने समाचार पत्र ‘येदिओथ अहरोनोथ’ में लिखा है, “अमेरिका के लिए यह युद्ध एक ‘चॉइस’ है, लेकिन इसराइल के लिए यह ‘ज़रूरत’ है.”

उन्होंने चेतावनी दी है कि भले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अब तक पूरा समर्थन दे रहे हैं, लेकिन अमेरिकी जनता की राय इसराइल के ख़िलाफ़ जा सकती है.

जबकि ‘एन 12’ वेबसाइट के मुताबिक़, इसराइल के नेता और सुरक्षा अधिकारी कह रहे हैं, “यह तो बस शुरुआत है, ऑपरेशन कई दिनों तक चलेगा.”

Uncategorized