रायपुर में खेले गए भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की है.
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ़्रीका के आगे मज़बूत 359 रनों का लक्ष्य खड़ा किया था जिसे दक्षिण अफ़्रीका ने 49.2 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया.
भारत के लक्ष्य के आगे दक्षिण अफ़्रीका की शुरुआत मज़बूत रही. सलामी बल्लेबाज़ एडन मारक्रम ने 110 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को मज़बूत स्थिति में पहुँचा दिया था.
हालांकि, 30वें ओवर की आख़िरी गेंद पर मारक्रम हर्षित राणा की गेंद पर आउट हुए. धीमी गति की शॉर्ट पिच गेंद पर मारक्रम ने पुल का प्रयास था लेकिन गेंद सीधे लॉन्ग ऑन के फ़ील्डर ऋतुराज गायकवाड़ के पास गई.
दूसरी ओर भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुक़सान पर 358 रन बनाए थे.
वहीं भारत के 358 रनों के स्कोर में सबसे बड़ा योगदान भारतीय बल्लेबाज़ों ऋतुराज गायकवाड़ और विराट कोहली का रहा. कोहली ने लगातार दूसरी बार शतक जड़ा.
विराट कोहली ने 93 गेंदों में 102 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए.

वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 105 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए.
रांची वनडे में भी विराट कोहली ने शतक जमाया था और 135 रनों की पारी खेली थी.
भारत ने पहले वनडे में दक्षिण अफ़्रीका को 17 रनों से हराया था. वनडे सिरीज़ अब 1-1 से बराबरी पर है. तीसरा और आख़िरी वनडे 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।

