रायपुर। सरगुजा संभाग में शीतलहर के साथ घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह और रात के समय दृश्यता कम होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में ठंड के तेवर फिलहाल कुछ नरम पड़े हैं।
मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की दिशा उत्तर से बदलकर पूर्वी होने के कारण ठंड की रफ्तार पर ब्रेक लगा है। बीते 24 घंटों में रात के तापमान में औसतन 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं।
रायपुर में मौसम शुष्क
राजधानी रायपुर में मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री कम रहा।
अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक रहा। रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हवा की दिशा से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर दिशा से चलने वाली हवाएं ठंड बढ़ाती हैं, जबकि पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट रुक जाती है। फिलहाल पूर्वी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान स्थिर बना हुआ है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को रायपुर में सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन में मौसम साफ से आंशिक रूप से बादल रह सकता है। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।
