प्रेमी ने प्रेमिका नर्स की चाकू घोंपकर की हत्या, पहले से रची थी साजिश…

प्रेमी ने प्रेमिका नर्स की चाकू घोंपकर की हत्या, पहले से रची थी साजिश…

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एमएमआई अस्पताल की स्टाफ नर्स प्रियंका दास (23) की उसके प्रेमी दुर्गेश वर्मा ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्गेश रायपुर के अशोक नगर, गुढ़ियारी का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, प्रियंका की लाश गुरुवार सुबह उसके कमरे में मिली। रूम मेट के ड्यूटी से लौटने पर शव देखने के बाद उसने तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर टिकरापारा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की।

SSP डीआर पोर्ते ने बताया कि मृतका मूल रूप से चिरमिरी की रहने वाली थी और कुछ महीने पहले रायपुर में नौकरी करने आई थी। वह दयाराम साहू के मकान में किराए पर रहती थी, जहां उसकी एक रूम मेट भी नर्स थी।

पहले से बनाया था हत्या का प्लान

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका और दुर्गेश की पहचान कोटा स्थित एक निजी अस्पताल में काम के दौरान हुई थी। दुर्गेश वहां कंप्यूटर ऑपरेटर था। प्रियंका ने बाद में नौकरी बदलकर एमएमआई अस्पताल ज्वाइन किया।
बताया जा रहा है कि दुर्गेश को शक था कि प्रियंका किसी और से बात करती है। इसी शक में उसने पहले से चाकू खरीदा और हत्या की योजना बनाई।

बुधवार रात लगभग 10 बजे दुर्गेश प्रियंका के कमरे पर पहुंचा। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत और फिर विवाद हुआ। गुस्से में दुर्गेश ने चाकू से छाती के नीचे वार कर दिया, जिससे प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई।

आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की। उसने घर में रखे दूसरे चाकू को प्रियंका के हाथ में थमाया और फरार हो गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।

12 कमरों वाले मकान में किसी को भनक नहीं लगी

प्रियंका जिस मकान में रहती थी, उसमें 12 कमरे हैं। हैरानी की बात यह है कि किसी भी किरायेदार ने न तो चीख सुनी और न ही झगड़े की आवाज।
पुलिस ने आरोपी दुर्गेश वर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।