रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अनियमितताओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शंकर नगर स्थित वरदान हॉस्पिटल का पंजीयन तीन माह के लिए निरस्त कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विभाग ने आठ अन्य अस्पतालों पर भी कार्रवाई की है। इनमें से सात हॉस्पिटलों का पंजीयन तीन-तीन माह के लिए निरस्त किया गया है, जबकि श्री गोविंद हॉस्पिटल (जैनब मेंशन, मिलेनियम प्लाजा रोड, रायपुर) का पंजीयन एक वर्ष के लिए रद्द किया गया है।
यह कार्रवाई मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच कमेटी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया।
बता दें कि आयुष्मान योजना में लापरवाही और फर्जीवाड़े के मामलों को लेकर मीडिया द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे थे, जिसके बाद विभाग हरकत में आया और यह सख्त कार्रवाई की गई।

