नए साल की पूर्व संध्या पर स्विट्ज़रलैंड के दक्षिण-पश्चिमी इलाके क्रांस-मोंटाना में स्थित ‘ले कॉन्स्टेलेशन बार’ में भीषण आग लगने से करीब 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 115 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों में से 60 लोगों का इलाज सियोन अस्पताल में चल रहा है, जबकि शेष को आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के वक्त बार में नए साल का जश्न मनाया जा रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति ने इसे देश की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक करार दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कुछ चश्मदीदों का दावा है कि शैंपेन की बोतल पर लगी जन्मदिन की मोमबत्तियों से छत में आग लगी, जो तेजी से फैल गई। हालांकि, पत्रकारों के सवाल पर अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलोड ने इन दावों से इनकार करते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही कारणों पर कुछ कहा जा सकेगा।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मौके पर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया है, जबकि घटना की विस्तृत जांच जारी है।

