मेकाहारा अस्पताल में पॉलीथिन में मिला नवजात का शव, राजधानी में सनसनी

मेकाहारा अस्पताल में पॉलीथिन में मिला नवजात का शव, राजधानी में सनसनी

राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। प्रदेश के सबसे बड़े मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास शुक्रवार सुबह पॉलीथिन में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह टहलने आए लोगों ने जब पॉलीथिन में बच्चे का शव देखा, तो तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने स्थिति की जांच की और मौदहापारा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को मरचुरी भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात को जन्म के तुरंत बाद पॉलीथिन में फेंक दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की आंतरिक जांच
मेकाहारा प्रबंधन ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के रिकॉर्ड से पिछले दो दिनों में जन्मे बच्चों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आरोपी का सुराग मिल सके।

इस हृदयविदारक घटना ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अस्पताल परिसर जैसे सुरक्षित स्थान पर ऐसी लापरवाही कैसे हुई।

Chhattisgarh Crime