मृतक को जिला बदर करने का आदेश, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

मृतक को जिला बदर करने का आदेश, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

रायगढ़ – प्रशासनिक लापरवाही का अजीब मामला रायगढ़ जिले में सामने आया है। यहां कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने पुलिस की रिपोर्ट पर एक ऐसे व्यक्ति को जिला बदर करने का आदेश जारी कर दिया, जिसकी मौत पहले ही हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के सोनिया नगर निवासी श्याम गोरख (27 वर्ष, पिता जगदीश गोरख) को आदतन बदमाश बताते हुए पुलिस ने रिपोर्ट तैयार की थी। इसी आधार पर 11 सितंबर को कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए उसे एक वर्ष के लिए रायगढ़ और समीपवर्ती जिलों से जिला बदर कर दिया था।

लेकिन आदेश लागू होने के बाद पता चला कि श्याम गोरख का पहले ही निधन हो चुका है। इस गंभीर चूक से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि फरारी पंचनामा के आधार पर 25 अगस्त 2025 को उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई थी।

अब मामला सामने आने के बाद न्यायालय ने पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मौखिक सूचना के आधार पर मृतक के देहांत की पुष्टि करने और सत्यापन कर पुनः प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह घटना प्रशासनिक तंत्र की लापरवाही को उजागर करती है और अब सवाल उठ रहे हैं कि बिना उचित सत्यापन के इतनी बड़ी कार्रवाई कैसे कर दी गई।

Chhattisgarh Crime