छत्तीसगढ़ रजत जयंती पर पीएम मोदी ने किया नए विधानसभा भवन का उद्घाटन, कहा – यह भवन नीति, नियति और नीतिकारों का केंद्र बनेगा

छत्तीसगढ़ रजत जयंती पर पीएम मोदी ने किया नए विधानसभा भवन का उद्घाटन, कहा – यह भवन नीति, नियति और नीतिकारों का केंद्र बनेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायपुर पहुंचकर नए विधानसभा भवन का भव्य उद्घाटन किया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रधानमंत्री ने इसे “स्वर्णिम शुरुआत का दिन” बताया।

पीएम मोदी के संबोधन की प्रमुख बातें

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज आतंक के विनाश की प्रतिज्ञा लेकर आतंकियों की कमर तोड़ रहा है।
  • उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ में लंबा समय बिताया और यहां से बहुत कुछ सीखा।
  • वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद पहली विधानसभा बैठक राजकुमार कॉलेज के हॉल में सीमित संसाधनों के साथ हुई थी, लेकिन उस समय सपने असीम थे।
  • पीएम ने कहा कि आज का भारत “विरासत और विकास” को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है, और यह सोच सरकार की हर नीति में झलकती है।
  • उन्होंने कहा कि 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने अद्भुत परिवर्तन देखा है — जो राज्य कभी नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था, अब वह समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है।
  • मोदी ने कहा, “मुझे इस भवन में बस्तर आर्ट की झलक दिखाई दी। कुछ महीने पहले मैंने थाईलैंड के प्रधानमंत्री को यही बस्तर आर्ट भेंट की थी।”

रमन सिंह की तारीफ

प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि जैसे क्रिकेट में कोई खिलाड़ी कप्तान रहने के बाद भी टीम के लिए खेलता रहता है, वैसे ही रमन सिंह आज भी एक सच्चे कार्यकर्ता के रूप में छत्तीसगढ़ की सेवा कर रहे हैं।

रमन सिंह ने बताईं भवन की विशेषताएं

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण 80 फीसदी स्वदेशी वस्तुओं से हुआ है। इसमें बस्तर का फर्नीचर और स्थानीय मजदूरों की मेहनत लगी है। उन्होंने कहा कि यह भवन छत्तीसगढ़ की आत्मनिर्भरता और लोकतांत्रिक परिपक्वता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के करकमलों से विधानसभा भवन का लोकार्पण होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है, 1 नवंबर 2025 का दिन राज्य के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नया हाईटेक विधानसभा भवन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नीति, नियति और नीतिकारों का केंद्र बनेगा।

मंच पर मौजूद रहे कई दिग्गज

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ राज्यपाल रामेन डेका, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव महंत सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

यह समारोह न केवल छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का उत्सव था, बल्कि राज्य की नई दिशा और नए युग की शुरुआत का प्रतीक भी बना।

Chhattisgarh