रायपुर में लागू हुई पुलिस कमिश्नरी प्रणाली, आईपीएस संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस आयुक्त

रायपुर में लागू हुई पुलिस कमिश्नरी प्रणाली, आईपीएस संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस आयुक्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू करते हुए पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। इसके तहत एक साथ 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और रेल पुलिस समेत कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।

सरकार का यह कदम कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा सुधार माना जा रहा है।
रायपुर पुलिस की नई कमान
बिलासपुर रेंज के आईजी संजीव शुक्ला को रायपुर नगरीय का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। कांकेर में पदस्थ डीआईजी अमित कांबले को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। साथ ही रायपुर नगरीय में तीन नए पुलिस उपायुक्तों की तैनाती की गई है।

रेंज स्तर पर बड़ा बदलाव
दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल को बिलासपुर रेंज का प्रभार सौंपा गया है। वहीं राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य को दुर्ग रेंज भेजा गया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ बालाजी राव सोमावर को राजनांदगांव रेंज का नया आईजी बनाया गया है।

एसपी स्तर पर भी फेरबदल
रायपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह को जशपुर का एसएसपी बनाया गया है, जबकि जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह को रायगढ़ भेजा गया है। रायगढ़ के एसपी दिव्यांग पटेल को रेल एसपी रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रेल एसपी रायपुर रहीं श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को एसपी रायपुर ग्रामीण बनाया गया है।
रायपुर नगरीय में पूरी टीम बदली
डीसीपी स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं—

उन्मेश प्रसाद गुप्ता – डीसीपी (मध्य)

संदीप पटेल – डीसीपी (पश्चिम)

मयंक गुर्जर – डीसीपी (उत्तर)

विकास कुमार – डीसीपी (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल)

राजनाला स्मृति – डीसीपी (क्राइम एवं साइबर)

23 जनवरी से लागू कमिश्नरी सिस्टम

23 जनवरी 2026 से रायपुर में औपचारिक रूप से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू हो गई है। इसके पहले ही सरकार ने प्रशासनिक तैयारी तेज करते हुए 25 से अधिक अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जिला पुलिस, ग्रामीण, यातायात, क्राइम, साइबर, लाइन, प्रशिक्षण और मुख्यालय शाखाओं में नई पोस्टिंग की गई है।

एएसपी स्तर के अफसरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
कई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को अपर पुलिस उपायुक्त (DCP) बनाकर रायपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में तैनात किया गया है, जिनमें तारकेश्वर पटेल, राहुल देव शर्मा, आकाश मरकाम, विवेक शुक्ला, डी.आर. पोर्ते, गौरव मंडल, अनुज गुप्ता और अर्चना झा शामिल हैं।

महिला अधिकारियों को भी अहम भूमिका
कमिश्नरी सिस्टम में महिला अधिकारियों की भागीदारी भी मजबूत दिखाई दे रही है। पूर्णिमा लामा को ACP उरला, सीमा अहिरवार भास्कर को ACP यातायात, जबकि नंदिनी ठाकुर, रुचि वर्मा और निकिता तिवारी को महिला अपराध और AJK शाखा में तैनात किया गया है।

सरकार का संदेश –
कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फैसले को राजधानी और प्रमुख जिलों में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिसिंग में बदलाव, सख्ती और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Chhattisgarh