राजधानी में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया गया है.
कार्रवाई डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने की.
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लगातार मध्यप्रदेश राजस्थान उत्तरप्रदेश और ओडिशा में ठिकाने बदलकर फरारी काट रहे थे.दबिश के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो 119 ग्राम गांजा,एक देशी कट्टा,तीन जिंदा कारतूस,2400 अल्प्राजोलम नशीली गोलियां तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए.
इससे पहले 24 फरवरी को फुटकर गांजा बिक्री में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ था. कालीबाड़ी क्षेत्र में बने हाईटेक हाइडआउट से गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन,वाई फाई और सीसीटीवी सिस्टम भी जब्त किया गया.
मुख्य आरोपी मुकेश बनिया पर 31 और उसके भाई संजू पर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

